शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// चौकी कनकबीरा थाना सारंगढ़ क्षेत्र में डीजल की हेराफेरी का मामला सामने आया है। टैंकर चालक और ढाबा संचालक द्वारा मिलकर 500 लीटर डीजल निकालने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर मौके पर कार्रवाई
1 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सालर स्थित रोशन ढाबा में टैंकर से डीजल निकाला जा रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने टैंकर वाहन क्रमांक CG 10 BU 5136 के चालक मनोज यादव और ढाबा संचालक रोशन साहू को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पेट्रोल पंप के लिए जा रहा था ईंधन
जसपुर निवासी पेट्रोल पंप संचालक राहुल कुमार निराला ने बताया कि उन्होंने हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मंदिर हसौद रायपुर डिपो से 15,000 लीटर डीजल और 5,000 लीटर पेट्रोल खरीदा था। यह ईंधन टैंकर के माध्यम से जसपुर भेजा जा रहा था, लेकिन रास्ते में आरोपियों ने 500 लीटर डीजल निकाल लिया।
लाखों की सामग्री जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने टैंकर वाहन, उसमें भरा डीजल-पेट्रोल और निकाले गए 500 लीटर डीजल सहित कुल लगभग 48 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर सहित पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।


