शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ को 5 नई 108 एंबुलेंस की सौगात मिली है, जिससे अब आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में काफी सहूलियत होगी। लंबे समय से कम एंबुलेंस की वजह से लोगों को इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब इस समस्या में काफी हद तक सुधार आने की उम्मीद है।
नई एंबुलेंस मिलने से खासतौर पर ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। अक्सर ऐसे क्षेत्रों में समय पर वाहन नहीं मिलने के कारण मरीजों की हालत बिगड़ जाती थी, लेकिन अब त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी। जिलेवासियों का कहना है कि यह सुविधा उनके लिए बेहद जरूरी थी और अब आपातकाल में राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
इन एंबुलेंस में आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान ही प्राथमिक उपचार दिया जा सकेगा। इससे गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।
इस सुविधा के लिए क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया है। साथ ही कलेक्टर और जिला स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की भी सराहना की गई है। लोगों का कहना है कि 5 नई एंबुलेंस मिलने से अब जिले में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ज्यादा मजबूत और सुलभ हो सकेंगी।


