गेहूं के खेतों में भीषण आग: 15 एकड़ फसल जलकर खाक, किसानों को भारी नुकसान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मौहाढोडा में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 10 से 15 एकड़ में फैली फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

Join WhatsApp Group Click Here

मिनटों में राख हुई महीनों की मेहनत

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई और गेहूं के साथ-साथ सरसों की फसल भी इसकी चपेट में आ गई। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाना मुश्किल हो गया। कुछ ही समय में खेतों में खड़ी पूरी फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

दमकल की टीम ने पाया काबू

सूचना मिलते ही सारंगढ़ नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आसपास के किसान भी आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

मुआवजे की मांग, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Scroll to Top