शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक, अंधड़ और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विशेष रूप से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं अचानक बदलते मौसम को लेकर सतर्क रहने की भी जरूरत है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है। तेज हवाओं के साथ अचानक मौसम खराब हो सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। खासकर किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए पहले से आवश्यक इंतजाम कर लें।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में नमी बढ़ी है, जिससे बादल तेजी से बन रहे हैं। इसी कारण शुक्रवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा, वर्तमान में लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। वहीं दक्षिण-पूर्व राजस्थान के आसपास 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला एक चक्रीय परिसंचरण भी सक्रिय है। साथ ही मराठवाड़ा से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक बनी द्रोणिका के कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ रही है, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।
प्रदेश में फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
राजधानी रायपुर में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। शुक्रवार को यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छींटे पड़ने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।



