शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरमकेला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वाहन चेकिंग के दौरान पल्सर मोटरसाइकिल में गांजा परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 किलो 290 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
वाहन चेकिंग में खुलासा
22 मार्च 2026 को ग्राम झनकपुर हाई स्कूल के पास भुक्ता-बरमकेला मुख्य मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पल्सर बाइक (CG 12 BC 5054) को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक सवारों के पास मौजूद प्लास्टिक बोरी में 3 पैकेट में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में इरफान हुसैन (20 वर्ष) निवासी जांजगीर-चांपा और एक अपचारी बालक शामिल है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही एक मोटरसाइकिल (कीमत 12 हजार रुपये) और दो मोबाइल (करीब 10 हजार रुपये) भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 82 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम की भूमिका और आगे की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर की गई। अति. पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय और डीएसपी संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ए. के. बेक के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। इस अभियान में उपनिरीक्षक लखपति प्रधान, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर पांडा, आरक्षक अशोक पटेल, मोतीलाल जांगड़े, मोहन पटेल सहित समस्त थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


