शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम मारोदरहा में दबिश देकर पुलिस ने 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर हुई रेड कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मारोदरहा में एक व्यक्ति अवैध शराब का संग्रहण और बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर घेराबंदी की और आंगन में छिपाकर रखी गई सफेद प्लास्टिक थैली से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की।
आरोपी की पहचान और कार्रवाई
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय बरिहा (उम्र 34 वर्ष) निवासी मारोदरहा बताया। पुलिस ने मौके पर शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, आरक्षक विमल जांगड़े, दिलीप स्नेही, दिगंबर, खेमलाल सहित थाना स्टाफ सक्रिय रहा। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


