शेयर करें...
महासमुंद// छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतरराज्यीय सीमा पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना और बलौदा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 47 लाख 50 हजार रुपये की नकदी जब्त की गई है और इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध नकदी परिवहन पर सख्त नजर रखने के संकेत मिले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सरायपाली क्षेत्र में ओडिशा सीमा से लगे पदमपुर और सिरपुर नाका के पास की गई। सघन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही थी, तभी दो अलग-अलग मामलों में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पहला मामला: 32.50 लाख रुपये बरामद
पहले मामले में पदमपुर (ओडिशा) से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक सफेद रंग की टोयोटा हाईराइडर कार को पलसापाली नाका के पास घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपनी पहचान आशु बंसल (निवासी मुरैना) और चालक महेंद्र चौहान (निवासी मलाजखंड) के रूप में बताई। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो पिछली सीट पर रखी एक प्लास्टिक बोरी में भारी मात्रा में नकदी मिली।
गवाहों की मौजूदगी में जब नोटों की गिनती की गई, तो कुल 32 लाख 50 हजार रुपये बरामद हुए। इसमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोट शामिल थे। आरोपियों से नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
दूसरा मामला: 15 लाख रुपये जब्त
दूसरे मामले में सिरपुर नाका के पास एक XUV कार की जांच के दौरान 15 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इस वाहन में सवार अन्य दो आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। दोनों मामलों को मिलाकर कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
धारा 106 BNSS के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत जप्ती की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है, ताकि कर संबंधित पहलुओं की जांच की जा सके।
सीमा पर सख्ती जारी
महासमुंद पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय सीमा पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों, हवाला कारोबार और संदिग्ध लेन-देन पर रोक लगाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


