शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में 19 मार्च 2026 को आबकारी वृत्त सरिया की टीम ने ग्राम तोरा (पोरथ) में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देश और कलेक्टर संजय कन्नौजे व जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में टीम गश्त पर थी। इस दौरान सूचना मिली कि अदवेद चौहान नाम का व्यक्ति उड़ीसा प्रांत से कच्ची महुआ शराब लाकर बेच रहा है। सूचना पक्की होने पर टीम ने उसके घर पर दबिश दी।
पाउच में भरी मिली ‘जहाज छाप’ शराब
तलाशी के दौरान एक सफेद प्लास्टिक बोरी में 103 पॉलिथीन पाउच मिले। हर पाउच में 200 मिलीलीटर शराब भरी थी। इस तरह कुल 20.6 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। जब्त शराब उड़ीसा प्रांत की ‘जहाज छाप’ बताई गई है।
आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक एवं वृत्त प्रभारी लोकनाथ साहू, उपनिरीक्षक बरमकेला रामेश्वर राठिया, उप निरीक्षक बिलाईगढ़ हाबिल खलखो, मुख्य आरक्षक उमेश चौहान, सुरक्षा कर्मी मुकुंद चौहान और डोल नारायण यादव की अहम भूमिका रही। विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


