शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// गुरुवार रात करीब 9 बजे सरिया तहसील अंतर्गत पंचधार-बुदबुदा मार्ग पर एक इनोवा (वाहन क्रमांक CG13C7990) बेकाबू होकर हादसे का कारण बन गई। छोटे नावापारा निवासी अमर नायक (उम्र लगभग 28-29 वर्ष), पिता रामप्रसाद नायक, अपनी कार से घर लौट रहा था। पंचधार के पास मोड़ पर अचानक उसका नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे 11 केवी बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा जड़ से उखड़ गया और कार खेत में जा घुसी। खास बात यह रही कि बिजली सप्लाई चालू होने के बावजूद चालक पूरी तरह सुरक्षित बच निकला।

हादसे के बाद जुटी भीड़, ट्रैक्टर से निकाली गई कार
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में वहां भीड़ लग गई। खेत में धंसी कार को बाहर निकालना आसान नहीं था, जिसके चलते काफी देर तक प्रयास चलते रहे। आखिरकार ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से वाहन को खेत से बाहर निकाला। घटनास्थल का दृश्य देखकर हर कोई हादसे की भयावहता का अंदाजा लगा रहा था।
बिजली विभाग हरकत में, सप्लाई की गई बंद
सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने तत्काल सप्लाई बंद कर दी। कर्मचारी पद्मालोचन मेहर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और टूटे खंभे में उलझे तारों को हटाने का काम शुरू किया। सरिया के जूनियर इंजीनियर मदन नायक ने बताया कि चालक की लापरवाही से 11 केवी का मुख्य खंभा क्षतिग्रस्त हुआ है। सुबह ठेकेदार को बुलाकर नुकसान का आकलन किया जाएगा और छोटे नावापारा निवासी अमर नायक (चालक) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही बिजली सप्लाई बहाल करने का काम भी शुरू किया जाएगा।
तीन गांवों में छाया अंधेरा, ग्रामीणों में नाराजगी
इस एक हादसे ने तीन गांवों बुदबुदा, विजयपुर और छोटे नावापारा की जिंदगी को रातभर के लिए थाम दिया। यही खंभा इन गांवों की मुख्य सप्लाई लाइन था, जिसके गिरते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। गर्मी और उमस के बीच लोगों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। एक व्यक्ति की लापरवाही ने सैकड़ों घरों की रोशनी छीन ली, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी साफ तौर पर नजर आई।



You must be logged in to post a comment.