सारंगढ़ की सड़कों पर हादसों को दावत दे रहे अदृश्य ब्रेकर, विकास कोसले ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन..

शेयर करें...

सारंगढ़// शहर की सड़कों पर बने गति अवरोधक अब लोगों की सुरक्षा के बजाय दुर्घटनाओं का कारण बनते नजर आ रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सारंगढ़ ब्लॉक क्षेत्र समस्या निवारण अध्यक्ष विकास कोसले ने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp Group Click Here

बिना सिग्नल बोर्ड के बने हैं ब्रेकर

ज्ञापन में बताया गया है कि कलेक्ट्रेट के सामने, गढ़ चौक (बिलासपुर मुख्य मार्ग) और कॉलेज मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में कुल 6 गति अवरोधक बनाए गए हैं। लेकिन इन स्थानों पर चेतावनी देने के लिए किसी भी प्रकार का गति अवरोधक सूचक बोर्ड या सिग्नल बोर्ड नहीं लगाया गया है।

रात में बनते हैं दुर्घटना का कारण

विकास कोसले ने बताया कि रात के समय या तेज रोशनी में वाहन चालकों को ये ब्रेकर दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन अचानक उछल जाते हैं और चालक नियंत्रण खो बैठते हैं। इसके चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

ताजा हादसे का दिया हवाला

ज्ञापन में 17 मार्च को गढ़ चौक पर हुए ट्रैक्टर और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर का भी उल्लेख किया गया है। इस हादसे को ब्रेकर के पास संकेतक बोर्ड के अभाव से जोड़ते हुए प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर दिलाया गया है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि भविष्य में किसी भी बड़ी जनहानि को रोकने के लिए इन सभी 6 स्थानों पर तत्काल रिफ्लेक्टर युक्त सिग्नल बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से चेतावनी मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

इस दौरान विकास कोसले के साथ संगठन के संयुक्त महामंत्री विक्रम जोल्हे, संयुक्त सचिव विष्णु रात्रे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Scroll to Top