शेयर करें...
रायगढ़// शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी गए 16 नग आईफोन की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए करीब 14 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
दुकान का ताला तोड़कर ले गए 16 आईफोन
जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 की रात सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने बताया कि वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंचे तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दुकान की दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से शोकेस में रखे 16 आईफोन और काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 305 और 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश तेज कर दी।
इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही चोरी किए गए मोबाइल का उपयोग कर रहा है। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की, जिसके बाद पुलिस टीम रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन पर निगरानी शुरू की।
चलती ट्रेन में पकड़ा गया मुख्य आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से रायगढ़ की ओर आ रहा है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चलती ट्रेन में ही उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह रायपुर से रायगढ़ आया और दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा। वहां से शोकेस में रखे 16 आईफोन एक बैग में भरकर काउंटर से नकदी लेकर फरार हो गया।
एक अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान के कब्जे से 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष) निवासी सोनूमुड़ा रायगढ़ के पास से बरामद हुआ। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपी आकाश चौहान ने जनवरी 2026 में बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना में भी शामिल होने की बात कबूल की है। इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अनिल विश्वकर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी पुलिस कार्रवाई के जरिए ऐसे मामलों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।


