शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़ जिले में गुरुवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़ के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर महंगाई, किसानों की समस्याओं और अफीम खेती के आरोपों को लेकर सरकार को घेरा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता “भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाते हुए कार्यालय के सामने विरोध जताते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस की कड़ी निगरानी रही।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और महंगाई के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है। देवांगन ने भाजपा नेताओं पर लगे अफीम खेती के आरोप को गंभीर बताते हुए कहा कि सच्चाई सामने लाने के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि महंगाई से आम लोग परेशान हैं। कांग्रेस अब गांव-गांव जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।
प्रदर्शन में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नोबेल वर्मा (सारंगढ़ प्रभारी), ताराचंद देवांगन (जिलाध्यक्ष), मितेन यादव (पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष), गोल्डी नायक (जिला महामंत्री), सोनी अजय बंजारे (नगर पालिका अध्यक्ष सारंगढ़), बिनोद भारद्वाज (जिला पंचायत सदस्य), अरुण मालाकार (पूर्व जिलाध्यक्ष), कन्हैया सारथी (जिला महामंत्री), पवन नायक, अभिनव पुजारी, धर्मेन्द्र चौहान, ताराचंद पटेल (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बरमकेला), नीतीश बंजारे (जिला उपाध्यक्ष) और दीनानाथ नायक (किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बरमकेला) सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


