गैस महंगाई और नशे के मुद्दे पर कांग्रेस का हमला: देश मोदी नहीं, ट्रंप के इशारे पर चल रहा..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला कांग्रेस कार्यालय सारंगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि सूर्यकुमार तिवारी, विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण मालाकार, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे तथा पार्षद सरिता गोपाल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के पत्रकार भी उपस्थित थे।

Join WhatsApp Group Click Here

नशे के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सूर्यकुमार तिवारी ने कहा कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा से जुड़े एक नेता द्वारा करीब 9.50 एकड़ जमीन में अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार नशे के कारोबार को संरक्षण दे रही है, जिससे युवाओं को गलत दिशा में धकेला जा रहा है। तिवारी ने बताया कि इस मामले के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार 8 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में प्रेस वार्ताएं आयोजित की गई हैं।

गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाने पर केंद्र सरकार पर निशाना

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 7 मार्च 2026 से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उनका कहना था कि इस फैसले से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। कांग्रेस नेताओं ने बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की और विरोध प्रदर्शन के साथ प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने की घोषणा भी की।

विदेश नीति को लेकर भी उठाए सवाल

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि हाल के घटनाक्रमों से ऐसा प्रतीत होता है कि देश की नीतियों पर बाहरी दबाव का असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की नीतियां प्रधानमंत्री के बजाय अमेरिका के प्रभाव में तय हो रही हैं।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में संजय दुबे, उमेश केसरवानी, घनश्याम मनहर, पवन अग्रवाल, राकेश पटेल, राधेश्याम जायसवाल, गोपाल बाघे, रामनाथ सिदार और गोल्डी नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, सोशल मीडिया टीम के सदस्य तथा नगर पालिका और जनपद पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।

Scroll to Top