शेयर करें...
रायपुर// T20 क्रिकेट के इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया जब इंडियन क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया। यह मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में खेला गया।
भारत ने बनाए 255 रन
मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय पारी में कुल 17 छक्के और 19 चौके लगे।
ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 गेंदों में 98 रन जोड़े। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
इसके बाद ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाए। संजू सैमसन शानदार लय में दिखे और 46 गेंदों में 89 रन की दमदार पारी खेली, लेकिन शतक से चूक गए।
हालांकि 16वें ओवर में जिम्मी निशाम ने लगातार तीन झटके देकर न्यूजीलैंड की वापसी कराई। उसी ओवर में संजू सैमसन, इशान किशन और कप्तान सूर्यकमार यादव आउट हो गए, जिससे रन गति कुछ धीमी पड़ गई।
अंतिम ओवर में शिवम दुबे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंदों में 26 रन जड़ दिए और आखिरी ओवर में 24 रन बटोरकर भारत को 255 के स्कोर तक पहुंचाया। हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 18 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 8 रन बनाकर नाबाद रहे।
159 रन पर सिमटी न्यूजीलैंड
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए मैच पर पूरी तरह पकड़ बनाए रखी।
रिकॉर्ड्स की बारिश
इस फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने कई रिकॉर्ड बनाए। 255 रन का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास के सबसे बड़े स्कोर में से एक माना जा रहा है। साथ ही इस जीत के साथ भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गया।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों के साथ-साथ पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया। क्रिकेट प्रशंसकों ने इसे भारतीय क्रिकेट के लिए एक और गौरवपूर्ण पल बताया।


