शेयर करें...
रायगढ़// जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी शंकर बरेठ को पुलिस ने बैकुंठपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में की गई। होली त्यौहार को देखते हुए जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर घर से दबोचा आरोपी
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बैकुंठपुर क्षेत्र में अपने घर पर मौजूद है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी शंकर बरेठ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से गिरफ्तारी वारंट जारी था, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
नाबालिग से छेड़खानी का है मामला
मामले में एक स्थानीय बालिका ने 14 नवंबर 2025 को सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालिका ने बताया था कि वह रोज अपनी सहेलियों के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए जाती थी। 10 नवंबर को वह अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी, तभी भूतबधन तालाब के पास आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की। डर के कारण उसने यह बात तुरंत घर पर नहीं बताई।
इसके बाद 13 नवंबर को स्कूल से घर लौटते समय आरोपी ने दोबारा उसके साथ छेड़खानी की। इस घटना के बाद बालिका ने पूरी बात अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पहले से भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 589/2025 के तहत धारा 74, 75(2), 75(3) भारतीय न्याय संहिता तथा 8 और 12 पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। गिरफ्तारी के डर से आरोपी फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी शंकर बरेठ (23 वर्ष) निवासी बैकुंठपुर राम मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट के तीन अन्य मामले दर्ज हैं।
फरार आरोपियों पर जारी रहेगी कार्रवाई : एसएसपी शशि मोहन सिंह
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी। उन्होंने साफ कहा कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को खुले में घूमने नहीं दिया जाएगा और ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


