नदीगांव में पारंपरिक डंडा नृत्य के साथ मनाई गई होली, मांदर की थाप पर झूमा गांव..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// तहसील सरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत नदीगांव में इस वर्ष होली का पर्व खास अंदाज में मनाया गया। गांव में पारंपरिक डंडा नृत्य और मांदर की थाप के साथ रंगों का उत्सव पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।

Join WhatsApp Group Click Here

ग्राम पंचायत नदीगांव के सरपंच गौरीशंकर विश्वाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गांव में सामाजिक सौहार्द और आपसी प्रेम के साथ होली मनाई गई। सुबह से ही ग्रामीण एक-दूसरे के घर पहुंचकर रंग-गुलाल लगाते रहे और त्योहार की शुभकामनाएं देते रहे।

होली की असली रौनक तब देखने को मिली जब मांदर और पारंपरिक वाद्यों की धुन पर डंडा नृत्य शुरू हुआ। ग्रामीणों की टोली हाथों में डंडा लेकर गांव की गली-मोहल्लों में घूमती रही। नृत्य के दौरान पारंपरिक गीतों की गूंज से पूरा गांव झूम उठा।

नदीगांव उड़ीसा तटवर्ती गांव है और यहां बड़ी संख्या में उड़िया बोली जाती है। इसका असर होली के उत्सव में भी देखने को मिला। उड़िया भक्ति गीतों की धुन पर डंडा नृत्य कर ग्रामीणों ने त्योहार का आनंद लिया। स्थानीय संस्कृति और परंपरा का यह सुंदर मेल सभी को आकर्षित करता नजर आया।

गांव में जगह-जगह पारंपरिक पकवान बनाए गए। महिलाओं ने घरों में बड़ा, पकौड़े, मालपुआ और अन्य मिठाइयां तैयार कीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी लोग रंग में रंगे नजर आए। इस बार की होली ने यह साबित कर दिया कि जब परंपरा और एकता साथ हो, तो त्योहार की खुशी कई गुना बढ़ जाती है। नदीगांव की होली न केवल रंगों की रही, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और भाईचारे की मिसाल भी बन गई।

Scroll to Top