मुंगेली में ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत ऑपरेशन बाज’ में 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, 3.81 लाख की सामग्री जब्त

शेयर करें...

मुंगेली// भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के अंतर्गत मुंगेली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत थाना जरहागांव क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
3.81 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल लगभग 3,81,000 रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की है, जिसमें—
53.51 ग्राम ब्राउन शुगर (अनुमानित कीमत ₹2,65,000)
06 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत ₹50,000)
होंडा साइन मोटरसाइकिल CG 28 P 1199 (अनुमानित कीमत ₹65,000)
01 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (अनुमानित कीमत ₹1,000)
शामिल हैं।
शमशान घाट के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर जरहागांव शमशान घाट के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने स्वीकार किया कि वह उत्तरप्रदेश के नैनी, प्रयागराज से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करता था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
समीर कश्यप (24), निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
सियाराम कश्यप (25), निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
विरेन्द्र श्रीवास (34), निवासी डीलवापारा, जरहागांव
लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35), निवासी महामाया पारा, जरहागांव
रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27), निवासी छतौना, थाना जरहागांव
पुलिस की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे या मादक पदार्थों की तस्करी अथवा बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा सहित थाना जरहागांव पुलिस एवं साइबर टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
“नशा मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में मुंगेली पुलिस की यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Join WhatsApp Group Click Here
Scroll to Top