पत्नी ने आशिक संग मिलकर की पति की हत्या, जेवर गिरवी रखकर दी सुपारी, थार गाड़ी से चार बार कुचलकर ली जान..

शेयर करें...

रायपुर// खरोरा थाना क्षेत्र के तिल्दाडीह गांव के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ही इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड थी। उसने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान किशोर सारथी के रूप में हुई है। किशोर की पत्नी रोशनी का खरोरा निवासी लिलेश उर्फ भूरू के साथ अवैध संबंध था। कुछ समय पहले किशोर को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उसने पत्नी की पिटाई की थी। इसी बात से नाराज होकर रोशनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

जांच में खुलासा हुआ कि रोशनी ने अपने जेवर गिरवी रखकर प्रेमी को पैसे उपलब्ध कराए। इसके बाद लिलेश उर्फ भूरू ने एक किराये की थार गाड़ी की व्यवस्था की। योजना के तहत किशोर को रास्ते में रोका गया और उसकी बाइक को थार से जोरदार टक्कर मारी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने तीन से चार बार गाड़ी से कुचलकर किशोर की हत्या कर दी। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए शव को बाइक समेत तिल्दाडीह गांव के पास फेंक दिया गया।

मामले की जांच में खरोरा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह की सुई पहले प्रेमी की ओर गई। कड़ी पूछताछ में पूरा षड्यंत्र सामने आ गया। पुलिस ने बताया कि हत्या की वारदात में लिलेश उर्फ भूरू के साथ धरसींवा क्षेत्र के दो अन्य साथी भी शामिल थे। चारों आरोपियों (पत्नी रोशनी, प्रेमी लिलेश उर्फ भूरू और उसके दो साथियों) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है और हत्या में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर आक्रोश है कि एक पत्नी ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। खरोरा पुलिस का दावा है कि तकनीकी जांच और सतर्कता के चलते इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी जल्द सुलझा ली गई। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को और मजबूती से जोड़ा जा सके।

Scroll to Top