अपराधों से तौबा कर ले बदमाश, अन्यथा कठोर कार्रवाई करेगी रायगढ़ पुलिस, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने ली गुण्डा और बदमाशों की परेड..

शेयर करें...

रायगढ़// वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आदतन अपराधियों को अपराध की दुनिया से दूर कर मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को शहर के 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों, सजायाफ्ता एवं संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों को पुलिस कार्यालय में तलब कर उन्हें अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जीने की सख्त समझाइश दी। एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी चिन्हित बदमाश अपराध से तौबा कर लें और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें, अन्यथा किसी भी प्रकार की शिकायत या आपराधिक गतिविधि सामने आने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Join WhatsApp Group Click Here

होली के मद्देनजर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि थानों के अभिलेखों में दर्ज निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में शामिल व्यक्तियों, सजायाफ्ता और संदिग्ध अपराधियों को थाने में बुलाकर उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी जाए कि वे अपराधों से दूरी बनाकर सकारात्मक कार्यों में संलग्न हों। निर्देशों के पालन में थाना प्रभारियों ने पहले थाने में बदमाशों की क्लास ली ।

इसी क्रम में शुक्रवार को इन चिन्हित बदमाशों को एसपी कार्यालय में उपस्थित कर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने उन्हें अपराध से दूर रहने, नशे और बुरी संगत का त्याग करने तथा अपने जीवन की नई शुरुआत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे व्यक्तियों को सुधार का अवसर दे रही है और इस अवसर का लाभ उठाकर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, लेकिन यदि कोई व्यक्ति पुनः अपराध में लिप्त पाया गया तो रायगढ़ पुलिस द्वारा कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने यह भी आश्वस्त किया कि जो व्यक्ति नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग और पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं रोजगार की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन से समन्वय कर सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें। इस दौरान कुछ ऐसे व्यक्तियों ने भी जानकारी दी कि उनके विरुद्ध लंबे समय से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, जिस पर एसएसपी ने थाना प्रभारियों को उनके अभिलेखों का सत्यापन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सभी निगरानी एवं आदतन बदमाशों को विशेष रूप से चेतावनी दी कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, गुंडागर्दी, छेड़खानी या अन्य आपराधिक कृत्यों में संलिप्त न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई कर न्यायालय के माध्यम से दंड दिलाया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने बदमाशों को उनके पूर्व में किये गये अपराधों का पश्चाताप  करने और अपराध छोड़कर पुलिस के मददगार बनाने को कहा, एसएसपी के इस बात पर सभी ने भारत माता की जय के नारे लगाये ।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, नगर निरीक्षक सुखनंदन पटेल, निरीक्षक प्रशांत राव, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू सहित थाना कोतवाली, कोतरारोड, जूटमिल, पूंजीपथरा, खरसिया एवं पुसौर के थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

Scroll to Top