शेयर करें...
रायगढ़// जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई की है। खरसिया, छाल और पुसौर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए महुआ और अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इस कार्रवाई में महिला समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आबकारी एक्ट के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में किया गया।

खरसिया में 14 लीटर महुआ शराब जब्त
खरसिया थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कोडाभाठा गीधा क्षेत्र में अवैध महुआ शराब का परिवहन किया जा रहा है। रेड कार्रवाई के दौरान शिव प्रसाद डनसेना (38) के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
इसी तरह गीधा नहरपार में तिरथराम डनसेना (36) के पास से 7 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। दोनों मामलों में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
छाल में स्कूटी से अंग्रेजी शराब बरामद
थाना छाल पुलिस ने ग्राम गडाईनबहरी रोड तालाब के पास कार्रवाई करते हुए स्कूटी क्रमांक CG 13 BG 7014 से 10 लीटर 440 एमएल अंग्रेजी शराब जब्त की। आरोपी उमेश राठिया (20) को मौके पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि शराब मंजू खुटे के कहने पर लाई जा रही थी। इसके बाद संबंधित महिला को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ थाना छाल में अपराध क्रमांक 30/2026 दर्ज किया गया है।
पुसौर में होटल से 6.300 बल्क लीटर शराब जब्त
थाना पुसौर पुलिस ने ग्राम नावापारा माण्ड स्थित एक होटल में छापेमार कार्रवाई कर 6.300 बल्क लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपी भुवनेश्वर साहू (40) को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जीरो टॉलरेंस का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन आघात के तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।



You must be logged in to post a comment.