सारंगढ़ में मौत का सिलसिला जारी : दर्राभाठा खार में पेड़ पर लटका मिला युवक का सड़ा गला शव, इलाके में सनसनी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में लगातार सामने आ रही मौत की घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली सारंगढ़ क्षेत्र के दर्राभाठा खार इलाके में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। शव सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे अंदेशा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।

Join WhatsApp Group Click Here

खेत गए ग्रामीणों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार ग्रामीण जब खेत की ओर गए, तब उनकी नजर पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

हरदी निवासी युवक होने की आशंका

सूत्रों के मुताबिक शव हरदी निवासी 17 से 20 वर्ष के युवक का बताया जा रहा है। वेशभूषा और प्रारंभिक पहचान के आधार पर कुछ लोग उसे आयुष आंचल बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवक 17 तारीख से घर से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।युवक 12वीं कक्षा का छात्र था और आने वाले दिनों में बोर्ड परीक्षा देने वाला था। एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसके घर नहीं लौटने से परिवार पहले से चिंतित था।

आत्महत्या या कुछ और?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी अन्य कारण से मौत हुई है। शव पूरी तरह से गल चुका है, जिससे स्थिति और भी जटिल हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इलाके में दहशत का माहौल

घटना के बाद दर्राभाठा खार और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। लोग अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अपील की है कि अफवाहों से बचें और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर है और जांच जारी है।

Scroll to Top