शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के बरमकेला ब्लॉक के डोंगरीपाली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल से मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करीब सुबह 4:30 बजे एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुमर साय के परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति अचानक घर पहुंचा और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि परिवार को संभलने का मौका नहीं मिला।
घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरीपाली और बरमकेला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावर की तलाश और घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस तिहरे हत्याकांड ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामले को लेकर पुलिस जल्द ही विस्तृत खुलासा कर सकती है।


