शेयर करें...
रायगढ़// जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंग्लैंड और इटली के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर मोबाइल के जरिए सट्टा लिया जा रहा था। सूचना मिलते ही थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो सट्टा खाईवालों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई।
इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में चल रहा था सट्टा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड की।
छापेमारी के दौरान विकास अग्रवाल और विनय अग्रवाल फैक्ट्री के एक अलग कमरे में बैठकर तीन मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टा चलाते मिले। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
82 हजार की संपत्ति जब्त
पूछताछ में विकास अग्रवाल ने बताया कि वह विनय अग्रवाल और खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा खाईवाल का काम कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹2000 नगद, एक आईफोन, एक वन प्लस मोबाइल,एक ओप्पो मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹82,000 बताई गई है। मोबाइल फोन में ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट का लॉगइन भी मिला है। इसके अलावा फरार आरोपी गगन अग्रवाल की तलाश जारी है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 52/2026 धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नसिर खान, थाना चक्रधरनगर प्रभारी उप निरीक्षक गेंद लाल साहू सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि ऑनलाइन सट्टा और जुए जैसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त हर आरोपी तक पुलिस पहुंचेगी और कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजों में हड़कंप है।


