शेयर करें...
रायगढ़// खरसिया में ग्राम पंचायत तेलीकोट की सार्वजनिक वितरण प्रणाली सोसायटी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। राशन वितरण में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर शिवसेना की स्थानीय इकाई ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई।
दिसंबर-जनवरी का राशन अधूरा, खराब चावल बांटने का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि दिसंबर और जनवरी महीने का राशन अब तक आधे से अधिक राशनकार्ड धारकों को नहीं मिला है। 10 फरवरी 2026 को सीमित हितग्राहियों को राशन वितरित किया गया, जिसमें 30 किलो अच्छी गुणवत्ता का चावल और 5 किलो निम्न स्तर का कनकी मिश्रित चावल दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आपत्ति जताने पर उन्हें यही कहकर चावल लेने को मजबूर किया गया कि शासन से इसी प्रकार का चावल मिला है।
फरवरी का वितरण भी शुरू नहीं, परिवारों के सामने संकट
फरवरी माह के 12 दिन बीत जाने के बाद भी राशन वितरण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। तेलीकोट के अधिकांश परिवार शासकीय राशन पर निर्भर हैं। ऐसे में लगातार देरी से खाद्यान्न संकट और आर्थिक परेशानी की स्थिति बन रही है।
सोसायटी संचालन पर सवाल, स्टॉक खत्म होने का हवाला
संगठन का आरोप है कि सोसायटी नियमित रूप से नहीं खोली जाती। एक दिन वितरण के बाद कई दिनों तक ताला लगा रहता है। पूछने पर “चावल खत्म हो गया” कहकर टाल दिया जाता है। फूड इंस्पेक्टर और संबंधित अधिकारियों से पहले भी फोन और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पहले भी गबन का आरोप, फिर कैसे मिला जिम्मा
शिवसेना अध्यक्ष ने दावा किया कि वर्तमान संचालक पर पहले लगभग 100 क्विंटल चावल गबन का आरोप लग चुका है। जांच के बाद उन्हें हटाया भी गया था। इसके बावजूद दोबारा संचालन का जिम्मा दिए जाने पर सवाल उठाए गए हैं। संगठन का कहना है कि निष्पक्ष जांच में कई और अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से जांच का आश्वासन दिया गया है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नितेश राठौर, युवा नेता लाल राठौर, पुरुषोत्तम महंत, रिंकू भारत, अखिलेश साहू, अमित बघेल, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



You must be logged in to post a comment.