शेयर करें...
रायगढ़// इंस्टाग्राम पर गन के साथ रील पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। रायगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें युवक सार्वजनिक सड़क पर गन जैसी वस्तु के साथ रील बनाते नजर आया। वीडियो वायरल होने पर यह मामला एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया। आशंका जताई गई कि इस तरह के प्रदर्शन से आम लोगों में डर का माहौल बन सकता है।
एसएसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल ने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में युवक की पहचान दीदार अली, निवासी पुरानी बस्ती खरसिया के रूप में हुई। पता चला कि वीडियो धरमजयगढ़ के बेहरापारा क्षेत्र में बनाया गया था, जहां वह अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था।
पुलिस ने युवक को तलब कर पूछताछ की। उसने बताया कि वीडियो में दिखाई गई वस्तु छर्रावाली ईयरगन है, जिसके लिए लाइसेंस की जरूरत नहीं होती। हालांकि पुलिस ने साफ किया कि सार्वजनिक जगह पर हथियार जैसी वस्तु का प्रदर्शन कर उसे सोशल मीडिया पर डालना कानून व्यवस्था की दृष्टि से गलत है।
धरमजयगढ़ पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। युवाओं से जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया इस्तेमाल करने की अपील की गई है। साथ ही यह भी बताया गया कि रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार नजर बनाए हुए है।


