शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// मंगलवार को सरिया के गांधी चौक में किसान संघ के बैनर तले किसानों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण सुबह से ही चौक पर जुटने लगे थे। हाथों में तख्तियां लेकर किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

किसानों की मुख्य मांग रबी फसल के लिए पर्याप्त रासायनिक खाद उपलब्ध कराने की रही। उनका कहना है कि धान, मूंगफली, मूंग सहित अन्य फसलों के लिए डीएपी, यूरिया, पोटाश और सुपर फास्फेट की जरूरत होती है, लेकिन सहकारी समितियों में खाद नहीं मिल रही है। कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे बोनी और फसल की तैयारी प्रभावित हो रही है।
धरना स्थल पर किसान संघ के मोहन पटेल ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बार-बार आवेदन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने में प्रशासन नाकाम रहा है, जिसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने से रबी फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है।
किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि खेतों में घुसकर पशु फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन उनकी व्यवस्था के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। किसान संघ ने बताया कि पूर्व में दिए गए आवेदन में साफ चेतावनी दी गई थी कि यदि 9 फरवरी तक खाद की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। समय सीमा बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस रहने पर किसानों ने धरना देने का निर्णय लिया।
धरना की सूचना पर तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा की और समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने तथा जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा और धरना समाप्त किया। किसानों ने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द खाद, बिजली और आवारा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



You must be logged in to post a comment.