अब थाने का फीडबैक सीधे आईजी तक, बिलासपुर रेंज में ‘अनुभव’ QR कोड की शुरुआत..

शेयर करें...

बिलासपुर// पुलिस व्यवस्था को और पारदर्शी व जवाबदेह बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस रेंज में एक नई पहल शुरू की गई है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से तैयार “अनुभव” QR कोड का शुभारंभ 5 फरवरी को पुलिस लाइन के चेतना हाल में किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम में संभाग आयुक्त अनिल जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह मौजूद रहे। रेंज के अन्य जिलों कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती के पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

इस व्यवस्था के तहत रेंज के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में QR कोड लगाए गए हैं। आम नागरिक अपने मोबाइल से कोड स्कैन कर सीधे अपना फीडबैक दे सकेंगे। स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें सवालों के जवाब देकर व्यक्ति अपना अनुभव साझा कर सकता है। फॉर्म सबमिट होते ही फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचेगा। चाहें तो व्यक्ति अपनी पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय भी रख सकता है।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि समय की मांग है कि पुलिस तकनीक के जरिए जनता से सीधे जुड़ें। उन्होंने बताया कि आज से रेंज के सभी आठ जिलों में यह व्यवस्था एक साथ लागू कर दी गई है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे लोगों को अपनी बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संभाग आयुक्त अनिल जैन ने कहा कि जनता ही पुलिस के काम की वास्तविक मूल्यांकनकर्ता है, इसलिए इस तरह की पहल जरूरी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में QR कोड स्थापित कर दिए गए हैं। फीडबैक के आधार पर व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाएंगे।

कार्यक्रम में रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल और कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने भी इस पहल को सराहनीय बताया। उनका कहना था कि इससे थानों में आने वाले लोगों की समस्याएं रियल टाइम में सामने आएंगी और सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान ‘अनुभव’ QR कोड का औपचारिक शुभारंभ किया गया और इसके उपयोग पर वीडियो प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया। शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और मीडिया के लोग भी मौजूद रहे।

आईजी ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस व्यवस्था का सही उपयोग करें, अच्छा अनुभव हो तो उसे भी साझा करें और कमियां हों तो उन्हें भी निसंकोच बताएं। अब बिलासपुर रेंज के सभी थानों में जनता सीधे QR कोड स्कैन कर अपना फीडबैक दे सकेगी।

Scroll to Top