क्लासरूम में चाकू लहराते छात्रों का वीडियो वायरल, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते तीन को लिया हिरासत में..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां स्कूल के भीतर अनुशासन और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्वामी आत्मानंद स्कूल, मोवा के क्लासरूम में छात्रों द्वारा चाकू लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही अभिभावकों, शिक्षकों और आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

Join WhatsApp Group Click Here

पंडरी थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वीडियो के वायरल होते ही पंडरी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने स्कूल से जुड़े तीन छात्रों को हिरासत में लिया है। इनमें एक छात्र बालिग है, जबकि दो नाबालिग बताए जा रहे हैं। तीनों छात्र स्वामी आत्मानंद स्कूल मोवा में कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि घटना स्कूल परिसर के अंदर ही हुई थी, जो नियमों और सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन है।

परिजन और प्रिंसिपल थाने बुलाए गए

पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीनों छात्रों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही छात्रों के परिजनों और स्कूल के प्रिंसिपल को भी थाने बुलाया गया है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि छात्र स्कूल परिसर में चाकू कैसे लाए, उनका उद्देश्य क्या था और क्या इसके पीछे किसी तरह की साजिश या दबाव की भूमिका थी।

स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सरकारी स्कूल, विशेषकर स्वामी आत्मानंद योजना के तहत संचालित स्कूलों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में क्लासरूम के भीतर चाकू लहराने जैसी घटना ने इस योजना की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

Scroll to Top