पुलिस को देखते ही भागी संदिग्ध स्कॉर्पियो पलटी, गाड़ी से मिला डीजल और औजार..

शेयर करें...

रायगढ़// एनएच-49 पर भोर में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से भागी और कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी से डीजल, पाइप, सब्बल और फर्जी नंबर प्लेट मिलने के बाद डीजल चोरी गैंग की आशंका जताई जा रही है। चालक मौके से फरार हो गया।

Join WhatsApp Group Click Here

3 फरवरी की रात एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल ने गश्त के दौरान जवानों को हाईवे पर खास निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। दोनों अधिकारी खुद भी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान खरसिया से रायगढ़ की ओर आ रही एक सफेद स्कॉर्पियो संदिग्ध हालत में दिखी। पुलिस टीम को देखते ही चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। सूचना मिलते ही आसपास के थानों को अलर्ट किया गया। तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने गाड़ी पलट गई।

जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो वाहन में कोई नहीं मिला। गाड़ी का नंबर CG-04-BT-0664 पाया गया। तलाशी में करीब 2 मीटर लंबी प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, एक अतिरिक्त नंबर प्लेट CG-12-BT-6416, 10 लीटर डीजल से भरी जरीकेन और बिना सिम के दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

पुलिस ने संदेह के आधार पर धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत स्कॉर्पियो जब्त कर ली है। वाहन मालिक और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Scroll to Top