शेयर करें...
सारंगढ़–बिलाईगढ़// अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेये, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय और एसडीओपी स्नेहिल साहू के निर्देश पर अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक कामिल हक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
31 जनवरी 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बोहारडीह पारा हिर्री में एक घर के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर मौजूद महिला गुलापा जांगड़े के घर की बाड़ी से पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बे में भरी 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने शराब को गवाहों के सामने विधिवत जब्त करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कामिल हक, प्रधान आरक्षक धनेश्वर उरांव, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, मुकेश चंद्रा, महिला आरक्षक शंकुतला जायसवाल सहित पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। सारंगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


