रायगढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा, बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेजों से बिक्री करने वाला संगठित गिरोह पकड़ा गया..

शेयर करें...

रायगढ़// रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी कर फर्जी आरसी और दस्तावेजों के जरिए उन्हें बाजार में बेचने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 चोरी की बाइक, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। गिरोह का एक सदस्य पहले से ही जेल में बंद है।

Join WhatsApp Group Click Here

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने के लिए दिए गए निर्देशों के तहत थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने इस पूरे नेटवर्क को उजागर किया।

ऐसे खुला पूरा नेटवर्क

पुलिस ने दो चोरी की बाइक के साथ मुकेश प्रधान को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि उसने बाइक ऑटो डीलर में काम करने वाले पुरूषोत्तम प्रधान से खरीदी थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि ऑटो डीलर मैनेजर चंद्र कुमार यादव, बाइक चोर मुकेश चौहान, लोक सेवा केंद्र संचालक अजय पटेल और संजय अगरिया मिलकर चोरी की बाइक के फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे।

आरोपियों द्वारा आरटीओ से जुड़े पुराने रिकॉर्ड का दुरुपयोग कर लोक सेवा केंद्र के माध्यम से फर्जी आरसी और ट्रांसफर कार्ड बनाए जाते थे। फर्जी हस्ताक्षर कर बाइक को वैध दिखाया जाता था और फिर आम लोगों व डीलरों को बेचा जाता था।

25 बाइक की चोरी का कबूलनामा

मुख्य आरोपी मुकेश चौहान ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथी विकेश दास महंत के साथ पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा और रायगढ़ क्षेत्र से करीब 25 बाइक चोरी की हैं। इनमें अधिकांश एचएफ डीलक्स बाइक हैं। चोरी की बाइक को खपाने के लिए पूरा गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था।

गंभीर धाराएं जोड़ी गईं

पुलिस ने इस मामले में संगठित अपराध की धारा 112(2) बीएनएस के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

एसएसपी की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि सेकेंड हैंड बाइक खरीदते समय आरसी, इंश्योरेंस और वाहन से जुड़े सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

बरामदगी और पुलिस की भूमिका

इस कार्रवाई में 25 चोरी की बाइक, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर जब्त किया गया है। पूरी कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना, साइबर थाना, लैलूंगा थाना की पुलिस टीम और कई अधिकारियों-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस की इस सफलता से वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

Scroll to Top