मुंगेली में वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के साथ 4 आरोपी किए गिरफ्तार, एक नाबालिग पर भी हुई कार्रवाई..

शेयर करें...

मुंगेली// मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर और सात मोटरसाइकिल सहित करीब 4 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ अलग से कार्रवाई की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के निर्देशन और मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। जिले में बढ़ते चोरी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने “ऑपरेशन बाज” और “सशक्त एप” के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की।

ट्रैक्टर चोरी से खुला पूरा गिरोह

मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है, जहां 11–12 जनवरी की रात गायत्री मंदिर के पास खड़े ट्रैक्टर की चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान ग्राम हरदीडीह निवासी दिलेश सप्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रैक्टर और कई मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की।

आरोपियों ने बताया कि पहले वे मोटरसाइकिल चोरी करते थे, लेकिन ज्यादा मुनाफे के लिए ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई। इसी क्रम में ट्रैक्टर चोरी कर उसे अलग-अलग जगह छिपाया गया था।

07 मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक ट्रैक्टर इंजन और सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली और फास्टरपुर थाना क्षेत्र की चोरी शामिल है। सभी वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

इस मामले में देवप्रसाद बर्मन, दिलेश सप्रे, पवन जगत और मनीष साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एक अपचारी बालक को भी प्रकरण में शामिल पाया गया है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या चौकी को दें। साथ ही घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई है।

इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल, लोरमी थाना, सिटी कोतवाली और फास्टरपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मुंगेली पुलिस की इस सफलता से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।

Scroll to Top