शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला अंतर्गत सरिया तहसील के ग्राम जामपली में शुक्रवार तड़के सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। जहां 11 केवी बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग को लेकर नाराजगी जताते हुए आक्रोश भी देखने को मिल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जामपाली निवासी कोटवार संतराम चौहान का बेटा रविकिशन चौहान उम्र लगभग 37 वर्ष गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे शौच के लिए खेत की ओर गया था। जबकि खेत में पहले से ही टूटकर गिरे 11 केवी हाईटेंशन तार की उसे जानकारी नहीं थी। अंधेरे में युवक करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से रायगढ़ अस्पताल भेजा गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर किया गया। वहीं रायपुर ले जाने के दौरान दोपहर करीब एक बजे पीड़ित युवक ने रास्ते में ही दम तोड दिया।
इस मामले में विद्युत सब स्टेशन सरिया के इंचार्ज कनिष्ठ अभियंता मदन कुमार नायक ने बताया कि जामपली में रात करीब डेढ़ बजे 11 केवी लाइन टूटने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। सुबह सब स्टेशन का कर्मचारी फॉल्ट तलाशने के लिए लाइन चार्ज कर रहा था, उसी दौरान दुर्भाग्यवश युवक करंट की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक को अस्पताल ले जाया जा चुका था।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर लाइन की मरम्मत और मौके पर निगरानी की जाती तो यह हादसा टल सकता था। लोग इस घटना को विद्युत विभाग की लापरवाही बता रहे हैं और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।



