नगरपंचायत अध्यक्ष की मौत : अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत..

शेयर करें...

कवर्धा// छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। नगरपंचायत लोहारा के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष मिश्रा का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहे थे और क्षेत्र में एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे।

Join WhatsApp Group Click Here

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष मिश्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें कवर्धा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकि8त्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया।

संतोष मिश्रा के निधन की खबर मिलते ही लोहारा नगर सहित पूरे कवर्धा जिले में शोक का माहौल है। उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और स्थानीय नागरिकों में गहरा दुख देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग उनके निवास स्थान पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

राजनीतिक जीवन में संतोष मिश्रा का सफर काफी सक्रिय और प्रभावशाली रहा। वे नगरपंचायत अध्यक्ष के रूप में जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा मुखर रहे और विकास कार्यों में उनकी अहम भूमिका रही। इसके अलावा वे भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष भी रह चुके थे। संगठन में रहते हुए उन्होंने पार्टी को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने कहा कि संतोष मिश्रा का जाना पार्टी और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संतोष मिश्रा हर सुख-दुख में आम जनता के साथ खड़े रहते थे। चाहे नगर की समस्याएं हों या व्यक्तिगत मदद, वे हमेशा आगे रहते थे। इसी वजह से वे जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे।

Scroll to Top