शेयर करें...
रायगढ़// शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रायगढ़ जिले के शिक्षक मुरलीधर गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। शासकीय प्राथमिक शाला गुडगहन में कार्यरत प्रधान अध्यापक मुरलीधर गुप्ता को उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित समारोह में राष्ट्र गौरव पारस रत्न सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार और माध्यमिक शिक्षा परिषद लखनऊ के निदेशक महेंद्र देव के हाथों प्रदान किया गया।
यह भव्य आयोजन समाजसेवी संस्था एक गूंज सेवा समिति द्वारा उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बरेली में किया गया। कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, जम्मू, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से आए सौ से अधिक शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ से कुल पांच शिक्षकों का चयन इस सम्मान के लिए हुआ, जिनमें बलदाऊ सिंह श्याम, प्रियंका, शांति सोनी बिलासपुर, अंजना सिंह दुर्ग और रायगढ़ से मुरलीधर गुप्ता शामिल रहे। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। एक गूंज सेवा समिति के अध्यक्ष बंटी ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक महेंद्र देव ने कहा कि शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में एक गूंज सेवा समिति का योगदान सराहनीय है। वहीं वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार ने अपने संबोधन में गुरु की महिमा और समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया, प्रतिपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुरलीधर गुप्ता को यह सम्मान मिलने पर उनके परिवार, विद्यालय के सहकर्मियों, ग्रामीणों और रायगढ़ जिले के प्रतिष्ठित नागरिकों ने खुशी जताते हुए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुरलीधर गुप्ता की इस उपलब्धि से न सिर्फ गुडगहन स्कूल बल्कि पूरा रायगढ़ जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है, और यह सम्मान आने वाले समय में शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।


