शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सारंगढ़ से महज 4 किलोमीटर दूर ग्राम बरदरहा में एक अद्भुत और दुर्लभ मछली मिलने से इलाके में कौतूहल और उत्सुकता का माहौल बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार यहां अमेरिकन साकार कैट फिश पाई गई है, जो आमतौर पर अमेरिका की अमेजन नदी के दक्षिणी हिस्से में पाई जाती है।
इस मछली की बनावट सामान्य मछलियों से बिल्कुल अलग बताई जा रही है। इसकी चार आंखें, हेलीकॉप्टर जैसे पंख और नीचे की ओर स्थित मुंह इसे खास बनाते हैं। इसी अनोखी बनावट के कारण इसे साकार कैट माउथ फिश के नाम से भी जाना जाता है।
जानकारी के अनुसार गांव के कुछ युवक रात में मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाए थे। सुबह जब उन्होंने जाल निकाला, तो उसमें यह अनोखी मछली फंसी हुई मिली। मछली गांव से करीब एक किलोमीटर दूर नाले पर बने स्टॉफ डैम में मिली है।
दुर्लभ मछली मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कई ग्रामीणों ने पहली बार ऐसी मछली देखी और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की मछली का क्षेत्र में मिलना बेहद हैरान करने वाला है।


