मुंगेली में पुलिस की भावनात्मक पहल, मुक-बधिर बच्चों को मेले में घुमाया, झूले और खिलौनों से खिले बच्चों के चेहरे..

शेयर करें...

मुंगेली// जिले के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की पहल के तहत एक भावनात्मक और खास कार्यक्रम देखने को मिला। पुलिस विभाग ने मुक-बधिर बच्चों को बीआर साव स्कूल मैदान में लगे व्यापार मेले का भ्रमण कराया। झूले, खिलौने और मनपसंद मिठाइयों ने बच्चों के चेहरे पर ऐसी चमक ला दी, जिसे देखकर हर कोई खुश हो गया।

Join WhatsApp Group Click Here

पहल कार्यक्रम के निर्देश पर पुलिस टीम बच्चों को मेले में लेकर पहुंची। बच्चों ने रेलगाड़ी झूला, घोड़ा झूला और कई तरह के राइड्स का खूब आनंद लिया। झूले पर बैठते ही बच्चों की खुशी साफ झलक रही थी। वे इशारों के जरिए अपनी उत्सुकता और मजा एक दूसरे से साझा करते नजर आए। पूरा माहौल खुशियों से भर गया।

मेले में बच्चों ने चाट, पकौड़ी और गुपचुप का स्वाद लिया। इसके बाद सभी ने अपनी पसंद के खिलौने चुने। पुलिस विभाग ने बच्चों को चश्मे और अलग-अलग तरह के खिलौने भी भेंट किए। यह पूरा पल बच्चों के लिए यादगार साबित हुआ।

यही नहीं, पहल कार्यक्रम के तहत पुलिस ने मेले में लगे बैनर और पोस्टरों के जरिए लोगों को साइबर सुरक्षा, नशे से होने वाले दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया।

इस कार्यक्रम में सायबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर, शत्रुहन खुंटे, जितेन्द्र सिंह, बबीता श्रीवास, शिक्षाविद शैलजा स्वामी, समाजसेविका जया गुप्ता और बड़ी संख्या में मुक-बधिर छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। पुलिस की यह पहल बच्चों के लिए सिर्फ एक सैर नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव बनी जिसने उनके दिलों में नए उत्साह और आत्मविश्वास का भाव भरा।

Scroll to Top