7 साल के बच्ची की गला दबाकर हत्या, पुरानी रंजिश के कारण पड़ोसी पिता-पुत्र ने उठाया यह कदम, दोनों गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा में 7 साल की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मंगलवार 25 नवंबर की शाम बच्ची का शव पड़ोसी आरती प्रसाद राठिया के घर के अंदर मिला था। मामले में पुलिस ने आरती प्रसाद राठिया और उसके पिता लक्ष्मी राठिया को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

मंगलवार की शाम बच्ची घर के पास खेलने निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजन उसे खोजते हुए गली-मुहल्ले में पहुंचे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि बच्ची को आखिरी बार पड़ोसी आरती प्रसाद के घर जाते देखा गया था। शक के आधार पर जब परिजन लक्ष्मी राठिया के घर पहुंचे तो कमरे में कंबल से ढका बच्ची का शव मिला। उसकी गर्दन पर साड़ी लिपटी हुई थी, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका मजबूत हुई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, एसडीपीओ सिद्धांत तिवारी, लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचे और पूरे घर का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में ही यह स्पष्ट हो गया कि बच्ची की हत्या की गई है। पुलिस ने तुरंत आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए।

मृतिका के मामा डोलेश्वर राठिया ने बताया कि 17 नवंबर को बच्ची को पिता आश्रम से घर ले आए थे और वह वहीं रह रही थी। घटना के दिन खेलने निकली और फिर नहीं लौटी। इसके बाद पूरा मामला सामने आया।

लैलूंगा पुलिस ने हत्या का अपराध अप.क्र. 308/2025 धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण बच्ची की हत्या की। वारदात के बाद आरोपी शव को कंबल में लपेटकर घर में ही छिपाए हुए थे। पुलिस ने मेमोरण्डम के आधार पर प्रयुक्त कंबल को जब्त किया और मामले की आगे जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. आरती प्रसाद राठिया, उम्र 23 वर्ष
  2. लक्ष्मी राठिया, उम्र 50 वर्ष
    (निवासी ग्राम कुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़)
Scroll to Top