शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लेकर प्रयागराज जा रहे एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी के पास से लगभग 2 लाख कीमत की 10 किलो 565 ग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
दरअसल, 10 अक्टूबर की शाम सरिया थाना पुलिस पेट्रोलिंग पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP 70 CW 9951) में गांजा की खेप उड़ीसा से सरिया की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना के सामने मुख्य मार्ग सामुदायिक भवन के पास घेराबंदी की।
थोड़ी देर में संदिग्ध बाइक आती दिखी, जिसे रोककर तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल की सब्जी कैरेट में टमाटर और अन्य सब्जियों के नीचे 10 किलो 565 ग्राम अवैध गांजा छिपाकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम काशी गौतम पिता मोहनलाल उम्र 24 वर्ष, निवासी बबुवापुर, थाना उतराव, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह जिला सोनपुर (उड़ीसा) से गांजा खरीदकर प्रयागराज बेचने के लिए ले जा रहा था।
पुलिस ने मौके से गांजा और बाइक दोनों जब्त कर लिए। बरामद माल की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 234/2025, धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
टीम ने दिखाई सतर्कता और फुर्ती
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुमन चौहान, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, सुरेंद्र सिदार, सत्यम मंडलोई, आरक्षक राजकुमार, दिगम्बर पटेल, दिलीप स्नेही सहित पूरे सरिया थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
अवैध कारोबारियों पर पुलिस की सख्त नजर
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर जिले में लगातार जुआ, सट्टा, शराब और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय और उप पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में सरिया पुलिस की यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। सरिया पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बख्शा नहीं जाएगा।


