शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और छात्रों के सर्वांगीण विकास को लेकर बरमकेला ब्लॉक के हायर सेकेंडरी स्कूल साल्हेओना में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में छात्र, छात्राओं, पालकगण और शिक्षकों ने मिलकर बेहतर शिक्षा के लिए सामूहिक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्य बोंदा पी.एल. सिदार की उपस्थिति में किया गया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा न केवल व्यक्तिगत विकास बल्कि आर्थिक समृद्धि और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि अच्छी शिक्षा से छात्रों में आलोचनात्मक सोच, समस्या-समाधान की क्षमता और सही निर्णय लेने की योग्यता विकसित होती है, जिससे वे आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों में आत्मविश्वास और क्षमता विकसित करती है। उन्होंने बताया कि जब बच्चे अपनी क्षमताओं को पहचानते हैं, तो वे जीवन की चुनौतियों का सामना मजबूती से कर पाते हैं। उन्होंने कौशल विकास के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि संचार, आलोचनात्मक सोच और समस्या समाधान जैसे गुण बच्चों के उज्जवल भविष्य की नींव रखते हैं।
कार्यशाला में शाला विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष जयरतन पटेल और चूड़ामणि पटेल, सेवानिवृत्त शिक्षक तेजराम सहिस, सरपंच प्रतिनिधि शौकीलाल सहिस, उपसरपंच प्रदीप पटेल, समिति सदस्या जान्हवी साहू, संकुल समन्वयक एम.एल. पटेल, प्रभारी प्राचार्य अवधराम बेहरा और विद्यालय के सभी विषय व्याख्याता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और पालकों ने छात्रों से प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ का आकलन किया। कई विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिए, वहीं कुछ में झिझक देखी गई, जिन्हें शिक्षकों ने प्रेरणा देकर आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षा में गुणवत्ता सुधार लाने और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने का था, जो उपस्थित सभी लोगों की सहभागिता से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


