उमेश पटेल की वायरल फोटो पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया छवि धूमिल करने का आरोप, FIR की मांग..

शेयर करें...

रायगढ़// खरसिया विधायक और पूर्व मंत्री उमेश पटेल की सोशल मीडिया में वायरल एक तस्वीर को लेकर राजनीति लगातार गर्म हो रही है। पहले भाजपा नेताओं ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी, वहीं अब कांग्रेस भी मैदान में उतर आई है। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए सिटी कोतवाली रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई और FIR की मांग की है।

Join WhatsApp Group Click Here

वोट अधिकार रैली के दौरान खींची गई तस्वीर पर विवाद

16 सितंबर को रायगढ़ में कांग्रेस की वोट अधिकार रैली आयोजित हुई थी। इसमें राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री व प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और विधायक उमेश पटेल समेत कई बड़े नेता मौजूद थे।
रैली के दौरान काफिले के वाहन के बोनट पर लगाए गए एक बैनर पर उमेश पटेल बैठे दिखाई दिए। बैनर पर वोट अधिकार का प्रतीक चिन्ह बना हुआ था। भाजपा ने इस तस्वीर को आधार बनाकर आरोप लगाया कि यह अशोक चिन्ह का अपमान है।

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस नेताओं ने शिकायत में कहा कि भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया में अनर्गल टिप्पणी कर उमेश पटेल की छवि धूमिल करने की कोशिश की है। कांग्रेस का कहना है कि बैनर पर बना प्रतीक चिन्ह वोट अधिकार अभियान का था, जिसे भाजपा ने गलत तरीके से अशोक चिन्ह बताया और भ्रम फैलाने का प्रयास किया।

भाजपा नेताओं पर नामजद शिकायत

कांग्रेस ने अपनी शिकायत में भाजपा नेताओं अरुण धर दीवान, प्रवीण द्विवेदी, मनोज शर्मा, सनत नायक, विकास केडिया, पवन शर्मा, सूरज शर्मा, पीयूष चौवल, अरुण विदखेरी, सौरभ चौधरी, जेमनी गुप्ता, मनीष रावलानो, गोपाल अग्रवाल, टिकेश्वर डनसेना, ओमकार तिवारी, आलोक पटेल, शैलेष माली, महेश साहू, प्रतीक अग्रवाल और नरेश पटेल को नामजद किया है। कांग्रेस ने इन पर अफवाह फैलाने और मानहानि का आरोप लगाया है।

बड़ी कार्रवाई की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा नेताओं का यह कदम जिले की शांति भंग करने और सत्ता के प्रभाव का दुरुपयोग करने की कोशिश है।

शिकायत दर्ज कराने पहुंचे कांग्रेस नेताओं में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पूर्व विधायक प्रकाश नायक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Scroll to Top