शेयर करें...
जशपुर// जिले के थाना नारायणपुर प्रभारी निरीक्षक रामसाय पैंकरा की रविवार को करंट लगने से मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के मुताबिक, पैंकरा हाल ही में चंदखुरी में आयोजित 7 दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स पूरा कर रविवार को अपने गृहग्राम सुरगांव (थाना सीतापुर, सरगुजा) लौटे थे। घर पर बिजली के करंट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
रामसाय पैंकरा का जन्म 2 जनवरी 1964 को हुआ था। उन्होंने पुलिस सेवा की शुरुआत 1 जून 1983 को जिला खरगोन (मध्यप्रदेश) में आरक्षक के रूप में की थी। इसके बाद वे लगातार पदोन्नत होते हुए 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में एएसआई, 2009 में एसआई और 2014 में निरीक्षक बने। वर्तमान में वे थाना नारायणपुर के प्रभारी के पद पर पदस्थ थे और अगले साल फरवरी 2026 में रिटायर होने वाले थे। अपने लंबे करियर में उन्होंने जशपुर जिले के फरसाबहार, बगीचा, दुलदुला और ट्रैफिक थाना में भी सेवाएं दीं। सहयोगियों के बीच वे सरल, सौम्य और व्यवहारकुशल अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “निरीक्षक रामसाय पैंकरा का निधन पुलिस विभाग के लिए बड़ी क्षति है। वे बेहद कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार अधिकारी थे। पुलिस परिवार उनकी कमी को हमेशा महसूस करेगा। हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”
पत्नी ने झाड़ू मारकर पति को किया अलग
वहाँ पहुँचते ही उन्होंने देखा कि पति का हाथ करंट प्रवाहित खुले तार से चिपका हुआ है और वो जमीन पर गिरे हुए है। यह देखते ही पत्नी के होश उड़ गए और उन्होंने झाड़ू से मारकर बिजली तार को पति से अलग किया। इस बीच काफी देर हो चुकी थी और करंट की चपेट में आने से पुलिस निरीक्षक की मौत हो चुकी थी। इस घटना से सदमे आये परिवार का रो रोकर हाल बुरा है। वहीं इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया है। वही इस घटना से गांव में शोक का माहौल निर्मित हो गया है।