शेयर करें...
कांकेर// जिले में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जलकर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:15 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार (CG04 PJ 7460) आतुरगांव स्थित निर्माणाधीन पुल के पास पुराने पुल की कांक्रीट दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में जोरदार स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे कार धू-धू कर जलने लगी।
कार में सवार छह युवकों में से दो किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बाकी चार युवक आग की चपेट में आकर कार में ही जिंदा जल गए। हादसे की सूचना मिलते ही कांकेर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल कांकेर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के स्वजनों को सूचित कर दिया है और उनके आने के बाद थाना कांकेर में मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा व अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है
- युवराज सोरी (24 वर्ष), निवासी बाड़ाटोला, चौकी हल्बा, जिला कांकेर
- हेमंत शोरी (20 वर्ष), निवासी सिंघनपुर, थाना केशकाल
- सूरज उइके (19 वर्ष), निवासी डुंडेरापाल, थाना केशकाल
- दीपक मरावी (19 वर्ष), निवासी डुंडेरापाल, थाना केशकाल, जिला कोंडागांव
घायलों के नाम
- प्रीतम नेताम (21 वर्ष), पिता, किशन नेताम
- पृथ्वीराज सलाम (19 वर्ष), पिता, मेघराज सलाम
पुलिस कर रही जांच
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और निर्माणाधीन पुल का अधूरा सुरक्षा इंतजाम बताया जा रहा है। पुलिस अब घटनास्थल की तकनीकी जांच कर रही है, साथ ही हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए घायलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।



