शेयर करें...
मुंगेली// जिले में गुम हुए बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिलासपुर के सिरगिट्टी इलाके से नाबालिक लड़की को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी दीपक मानिकपुरी उर्फ टाईसन (21) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
8 जुलाई को सिटी कोतवाली में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिक बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से मिली कामयाबी
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 15 जुलाई को सिरगिट्टी में दबिश दी। वहां से नाबालिक लड़की को सुरक्षित बरामद किया गया और आरोपी दीपक मानिकपुरी उर्फ टाईसन को हिरासत में लिया गया।
बहला-फुसलाकर किया शोषण
महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी ने लड़की को नाबालिक होने के बावजूद बहला-फुसलाकर भगाया और शारीरिक शोषण किया। लड़की का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और मामले में पाक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली, प्रधान आरक्षक मनोज सिंह, अजय सिंह, आरक्षक योगेश यादव, विकास सिंह और महिला आरक्षक नंदनी साहू की अहम भूमिका रही।
टैग्स: #OperationTalaash #MungeliPolice #CrimeNews #PoxoAct #Bilaspur #BreakingNews


