शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के ग्राम पंचायत धौराभाठा (घो) में सरपंच पति द्वारा एक पत्रकार को धमकाने का मामला अब गरमा गया है। रिपोर्टिंग के दौरान एफआईआर में फंसाने की धमकी देने पर पत्रकारों में भारी आक्रोश है। पूरे प्रकरण पर अब प्रशासन की नजर है और एडिशनल एसपी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
रिपोर्टिंग करने पहुंचे पत्रकार को मिली धमकी
मामले की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय पत्रकार मिथुन यादव धौराभाठा पंचायत में चल रहे 15वें वित्त आयोग की राशि में अनियमितता और बिना जीएसटी बिल के भुगतान जैसे मामलों की कवरेज करने पहुंचे थे। इसी दौरान सरपंच के पति ने उन्हें रिपोर्टिंग से रोकने की कोशिश की और कथित तौर पर कहा कि खबर दिखाओगे तो एफआईआर में फंसा दूंगा।
पत्रकार संघ हुआ सक्रिय, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार संघ सक्रिय हो गया और एकजुट होकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एडिशनल एसपी ने दिया जांच का भरोसा
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी निमिषा पांडे ने पत्रकारों से मुलाकात कर आश्वस्त किया कि मामले की जांच बिलाईगढ़ एसडीओपी द्वारा कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकार संघ ने जताया भरोसा, पर की समयबद्ध जांच की मांग
पत्रकार संघ ने एडिशनल एसपी के आश्वासन पर आभार जताया लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि जांच निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए। पत्रकारों ने कहा कि यदि लोकतंत्र के प्रहरी को इस तरह डराया जाएगा, तो यह न केवल अभिव्यक्ति की आजादी पर चोट है बल्कि समाज में डर का माहौल बनाएगा।
जिला स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
पत्रकार संघ ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेताया है कि अगर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। उनका कहना है कि पत्रकारों को डराने-धमकाने की प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
पत्रकारों ने दिखाया एकता का दम
घटना के विरोध में पत्रकार नरेश चौहान, देवराज दीपक, कृष्णा महिलाने, युराज निराला, समीप अनंत, मिथुन यादव, पिंगध्वज खांडेकर, चन्द्रिका भास्कर, मोहन लहरे, सुनील टंडन, अजय जोल्हे, भागवत साहू, मिलन महंत, देव जाटवर, संभु पटेल, राजकुमार सिदार समेत कई पत्रकारों ने एकजुटता दिखाई और कहा कि वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
#पत्रकारधमकीकांड #धौराभाठा #बिलाईगढ़ #पत्रकारसंघ #लोकतंत्रकीरक्षा #सत्यकीआवाज़ #सरपंचपति #मीडिया_पर_हमला #छत्तीसगढ़_समाचार #पत्रकार_एकजुट



You must be logged in to post a comment.