शेयर करें...
रायगढ़// जिले में बर्फ फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया, जिसकी चपेट में आने से फैक्ट्री मालिक की मौत हो गई। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। ये सभी बर्फ लेने आए थे। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पूरा मामला शहर के लालटंकी क्षेत्र की है जहां बोहिदार पारा स्थित सुभाष आईस फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विस्फोट के जद में आने से फैक्ट्री संचालक संजय सहगल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बर्फ लेने पहुंचे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में गैस सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच चुकी थी। घटना के बाद घायल तीनों व्यक्तियों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।