भाठनपाली में मंदिर टूटने से तनाव : चर्च में लहराया गया भगवा झंडा, क्रॉस तोड़ने वाला हिरासत में..

शेयर करें...

रायगढ// जूटमिल थाना क्षेत्र के गांव भाठनपाली में आज सुबह उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब ग्रामीणों ने गांव के हनुमान मंदिर को टूटा हुआ देखा। मंदिर की स्थिति देखकर नाराज़ ग्रामीणों ने पास ही स्थित चर्च में सभा कर रहे लोगों पर मंदिर तोड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

Join WhatsApp Group Click Here

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। लेकिन इसी बीच बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और चर्च के ऊपर लगे क्रॉस को तोड़कर भगवा झंडा लहरा दिया। क्रॉस तोड़ने वाले दिलराज दिलीप को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तनाव उस वक्त और बढ़ गया जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चर्च को गिराने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर रायगढ़ शहर के सभी थाना प्रभारियों और सिटी एसपी आकाश शुक्ला को भारी पुलिस बल के साथ गांव भेजा गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर को योजनाबद्ध तरीके से तोड़ा गया है। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे। कई लोग कानून अपने हाथ में लेने की चेतावनी भी दे रहे हैं।

फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नज़र रखी जा रही है। प्रशासन लगातार दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात सामान्य करने की कोशिश में जुटा है। यह मामला अब सांप्रदायिक तनाव का रूप लेता जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

Scroll to Top