शेयर करें...
मुंगेली// सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को उस वक्त हलचल मच गई जब कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिससे अफसरों ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. शबाना परवीन अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं, जबकि डॉक्टर सत्येंद्र जायसवाल अस्पताल में मौजूद थे। अस्पताल के अलग-अलग कक्षों में गंदगी और अव्यवस्था देखकर कलेक्टर ने सख्त लहजे में दोनों डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने डॉ. शबाना को प्रभारी पद से हटाकर डॉ. सत्येंद्र जायसवाल को नई जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही, अस्पताल की सारी व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। वहीं निरीक्षण के दौरान अफसरों ने पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, इमरजेंसी, लेबर वार्ड और फार्मेसी का भी जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की स्थिति जानी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
बता दें कि अचानक हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में सुधार की उम्मीद की जा रही है।


