शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// कनकबीरा चौकी पुलिस ने घर में घुसकर नकदी और मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 7 मई को घोराघाटी गांव में हुई थी, जहां समारु बरिहा के घर से 50 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल चोरी हो गया था।
जिला पुलिस कप्तान आंजनेय वार्ष्णेय के सख्त निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों को कुछ ही दिनों में पकड़ लिया। इस पूरे ऑपरेशन में एडिशनल एसपी निमिषा पांडे और सारंगढ़ SDOP स्नेहिल साहू की निगरानी रही, जबकि कार्रवाई की कमान कनकबीर चौकी प्रभारी एएसआई विजय गोपाल ने संभाली।
पुलिस टीम ने इलाके में लगातार पतासाजी कर दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं – आनंद सिदार (38), निवासी कुम्हारी और भूर्षव सिंदर (35), निवासी मेंडरा, दोनों थाना बरमकेला क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना कबूल किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और फिर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के मिरीराम खुंटे, भीमसेन सिदार, बिहारी लाल साहू और जनजीवन खूंटे का भी योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

