फिर एक बार बड़े आंदोलन की तैयारी में अनियमित कर्मचारी, परिवार वालों के साथ आंदोलन करेंगे..

शेयर करें...

रायपुर/ राजधानी में अनियमित कर्मचारी फिर एक बार बड़े आंदोलन की तैयारी में हैं। इस बार हजारों कर्मचारी 3 चरणों में आंदोलन करेंगे। 5 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों के इस विरोध प्रदर्शन में उनके परिवार वाले भी उनका साथ देंगे। वो भी इस बार राजधानी की सड़कों पर उतरेंगे। 11 जून को ये रायपुर में प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन करने वाले हैं। इसके बाद दो अन्य चरणों में आंदोलन होगा।

Join WhatsApp Group Click Here

इस प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ अनियमित कर्मचारी मोर्चा के प्रदेश संयोजक गोपाल प्रसाद साहू ने बताया कि प्रदेश में कार्यरत अनियमित कर्मचारियों, संविदा, दैनिक वेतन भोगी, कलेक्टर दर, श्रमायुक्त दर पर कार्यरत श्रमिक, प्लेसमेंट, मानदेय, ठेका वाले,शिक्षाकर्मी संविदा नियुक्ति के कर्मचारियों ने मिलकर आंदोलन की रूपरेखा तय की है।

उन्होंने बताया कि हम अपनी 5 सूत्रीय मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे। जिसके पहले चरण में 11 जून को कर्मचारी अपने परिवार के साथ राजधानी की सड़क पर धरना देगा। दूसरे चरण में 15 जून को सभी अनियमित कर्मचारी प्रदेश भर में अपने घरों की दीवारों पर अपनी मांगों और उससे जुड़े दर्द को लिखेंगे। इसके बाद भी यदि सरकार मांगों पर फैसला नहीं करती तो तीसरे चरण में मानसून विधानसभा सत्र के दौरान हम बड़ा आंदोलन करेंगे।

गोपाल प्रसाद साहू ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले 10 दिन में ही अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था। उन्होंने अपने जन घोषणा पत्र में भी इसका जिक्र किया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 14 फरवरी 2019 को अनियमित कर्मचारियों के मंच से घोषणा की थी कि इस साल किसानों का है,अगला साल कर्मचारियों का होगा। इसके बावजूद हमारी मांगों पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है।

Scroll to Top